नीमडीह में बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, अवैध खनन पर उठे सवाल

नीमडीह में बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, अवैध खनन पर उठे सवाल

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला/नीमडीह: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जानूम-पलाशडीह गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि सड़क पार करने के दौरान वह बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

मृतका की पहचान जानूम-पलाशडीह निवासी आमोति महतो (पति स्व. निबारण महतो) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह सुबह अपने घर के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तिरुलडीह की ओर से आ रहा बालू लदा ट्रैक्टर उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सुवर्णरेखा नदी से बालू का अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है। उनका कहना है कि रात के समय बड़ी संख्या में बालू लदे वाहन गांव की सड़कों से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध बालू खनन और अनियंत्रित परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और अवैध बालू कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share This Article