Dhanbad News: रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी, फर्जी DRM कर्मचारी बन लाखों ऐंठने वाला गिरफ्तार

Dhanbad News: रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी, फर्जी DRM कर्मचारी बन लाखों ऐंठने वाला गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी खुद को DRM कार्यालय का कर्मचारी बताकर बेरोजगार युवाओं से पैसे वसूलता था।

दो लोगों से की लाखों रुपये की ठगी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पाथरडीह के भाटडीह निवासी मंटू कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने वर्द्धमान निवासी कल्पना राय से रेलवे की वेंडिंग मशीन में टिकट जारी करने का काम दिलाने के नाम पर करीब 1.50 लाख रुपये लिए थे। वहीं, जमुई निवासी सूरज भान ठाकुर से नौकरी दिलाने के नाम पर 18,700 रुपये की ठगी की गई।

DRM कार्यालय में हुआ भंडाफोड़

बुधवार शाम आरोपी एक युवक को नौकरी दिलाने के बहाने DRM कार्यालय लेकर पहुंचा था। युवक को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ और उसने RPF को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची RPF टीम ने मंटू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसका परिवार पूजा सामग्री की दुकान चलाता है और आर्थिक तंगी के कारण उसने यह रास्ता अपनाया। हालांकि पुलिस उसके दावों की सत्यता की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी को स्थानीय थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Share This Article