MGM अस्पताल में मरीजों को दोहरी राहत: इमरजेंसी वार्ड में लगेंगे 3 नए AC, ब्लड बैंक को मिली हाईटेक ELISA मशीन

MGM अस्पताल में मरीजों को दोहरी राहत: इमरजेंसी वार्ड में लगेंगे 3 नए AC, ब्लड बैंक को मिली हाईटेक ELISA मशीन

Johar News Times
3 Min Read

गर्मी से राहत की तैयारी, रक्त जांच होगी पहले से अधिक तेज और सुरक्षित,

जमशेदपुर के MGM अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को जल्द दो बड़ी सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। एक ओर इमरजेंसी वार्ड में भीषण गर्मी से राहत देने के लिए तीन अतिरिक्त AC लगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ब्लड बैंक को अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ELISA मशीन मिली है, जिससे रक्त जांच की प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और सुरक्षित हो जाएगी।

इमरजेंसी वार्ड में बढ़ेगी ठंडक

पिछले कई दिनों से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों, स्ट्रेचर पर इलाज करा रहे लोगों और उनके परिजनों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में मामला उठने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तीन अतिरिक्त AC लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बुधवार से केबल बिछाने का काम शुरू हो गया है और अगले एक-दो दिनों में AC स्थापित किए जाने की संभावना है। इससे पहले उपायुक्त के निर्देश पर चार स्टैंड फैन लगाए गए थे, लेकिन बढ़ते तापमान के बीच यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, लगाए जाने वाले AC नए नहीं हैं, बल्कि MGM के साकची परिसर से स्थानांतरण के दौरान हटाए गए गैस आधारित AC हैं, जिन्हें चलाने के लिए पानी की आवश्यकता नहीं होगी। फिलहाल इमरजेंसी वार्ड में मौजूद दो AC लंबे समय से बंद पड़े हैं।

अब आधे घंटे में होगी 190 रक्त नमूनों की जांच

अस्पताल के ब्लड बैंक को 40 लाख रुपये से अधिक लागत की अत्याधुनिक ऑटोमैटिक ELISA मशीन भी मिली है। यह मशीन एक साथ बड़ी संख्या में रक्त नमूनों की जांच करने में सक्षम है और लगभग 190 रक्तदाताओं के रक्त की पांच महत्वपूर्ण जांचें महज आधे घंटे में पूरी कर सकती है। मशीन के जरिए एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, मलेरिया और सिफिलिस जैसी गंभीर बीमारियों की जांच होगी। किसी भी मरीज को रक्त चढ़ाने से पहले इन जांचों का होना आवश्यक माना जाता है ताकि संक्रमण का खतरा न रहे।

पूरे कोल्हान क्षेत्र को मिलेगा लाभ

अस्पताल में पहले से मौजूद सेमी-ऑटोमैटिक मशीन की क्षमता सीमित थी, जिसके कारण जांच में अधिक समय लगता था। नई मशीन की स्थापना और कर्मचारियों के प्रशिक्षण के बाद नियमित जांच कार्य शुरू किया जाएगा। इसका लाभ केवल जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि चाईबासा समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र के ब्लड बैंकों को मिलेगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

Share This Article