केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और नागरिकों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में साइबर अपराध, विशेषकर साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए विकसित विभिन्न नागरिक-केंद्रित तंत्रों की भी समीक्षा की गई। गृह मंत्री ने साइबर अपराधों की रोकथाम, शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और तकनीकी ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर दिया। सरकार लगातार डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने और साइबर ठगी के शिकार लोगों को जल्द राहत उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न उपायों पर काम कर रही है।
