चाकुलिया में हाथियों का कहर जारी, वीडियो बना रहे रेलवे कर्मी की मौत, 108 सेवा पर उठे सवाल

चाकुलिया में हाथियों का कहर जारी, वीडियो बना रहे रेलवे कर्मी की मौत, 108 सेवा पर उठे सवाल

Johar News Times
3 Min Read

चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सुनसुनिया रेलवे फाटक के पास हाथियों का वीडियो बना रहे एक रेलवे कर्मी पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 10 दिनों में हाथियों के हमले की यह तीसरी बड़ी घटना है।

मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले के कठुवा गांव निवासी 53 वर्षीय संजीव सिन्हा के रूप में हुई है। वह रेलवे विभाग की ओर से ऑटोमेटिक सिग्नल लगाने के कार्य में लगे थे। बताया जाता है कि सुनसुनिया जंगल में 10 से 12 हाथियों का झुंड मौजूद था। इसी दौरान संजीव अपने कुछ साथियों के साथ हाथियों को देखने और वीडियो बनाने जंगल की ओर चले गए। तभी झुंड से अलग हुए एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया और सिर पर भी वार किया। अन्य मजदूर किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।

एंबुलेंस नहीं पहुंची, बाइक और रेलवे वाहन से अस्पताल ले गए
घटना के बाद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस सेवा से कई बार संपर्क किया, लेकिन सहायता नहीं मिल सकी। इसके बाद घायल संजीव को पहले मोटरसाइकिल से ले जाया गया। रास्ते में रेलवे की ड्यूटी स्कॉर्पियो मिलने पर उन्हें उसमें शिफ्ट कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सुबह ही जारी की गई थी हाथियों की चेतावनी
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को लेकर सुबह ही एक व्हाट्सएप समूह के माध्यम से लोगों को सतर्क किया गया था। इसके बावजूद यह हादसा हो गया। घटना के बाद वन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। वन विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में पांच हजार रुपये प्रदान किए। अधिकारियों ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में 18 से 20 जून के बीच ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा उपायों पर चर्चा करने का भरोसा दिया है।

10 दिनों में तीसरी बड़ी घटना
चाकुलिया क्षेत्र में हाथियों के हमलों से लोगों में भय और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। 6 जून को चंदुवा गांव के 40 वर्षीय निर्मल महतो की हाथी के हमले में मौत हो गई थी। 12 जून को बेनाशोली गांव के 60 वर्षीय काबूल मुंडा गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि 15 जून को रेलवे कर्मी संजीव सिन्हा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों और रेलवे ट्रैक के आसपास से दूर रखने के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

Share This Article