जामताड़ा: जिले में एक बार फिर 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। गोलपहाड़ी इलाके में सड़क दुर्घटना में घायल हुए मोहन किस्कू को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी, जिसके कारण स्थानीय लोगों को उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और वार्ड पार्षद ने कई बार 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया। हालांकि उन्हें बताया गया कि कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है और वाहन पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे का समय लग सकता है।
घायल की हालत गंभीर होने पर लोगों ने इंतजार करने के बजाय उसे निजी इको वैन से जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में एंबुलेंस के इंतजार में एक व्यक्ति की मौत का मामला भी सामने आया था। ताजा घटना के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की कार्यक्षमता पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
