गोड्डा: 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोड्डा की शिक्षा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने जिले और राज्य का गौरव बढ़ाया है। रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शिक्षा कुमारी से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि शिक्षा की यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा कुमारी राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं और उनकी सफलता खेलों में आगे बढ़ने वाली युवा प्रतिभाओं का हौसला बढ़ाएगी। दीपिका पांडेय सिंह ने विश्वास जताया कि शिक्षा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगी।
