जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान से 30 वर्षीय महिला नूरीसबा का शव बरामद किया गया है। मृतका बीते 8 जून से लापता थी। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने मृतका के पति पर दूसरी शादी करने और हत्या कर शव पर तेजाब डालने का गंभीर आरोप लगाया है।
8 जून से लापता थी महिला, परिजनों ने दर्ज कराया था सनहा
परिजनों के अनुसार, नूरीसबा 8 जून से अचानक लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परेशान परिजनों ने 11 जून को स्थानीय थाने में गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया था। सोमवार शाम को ग्रामीणों ने कब्रिस्तान में एक शव देखा, जिसकी पहचान नूरीसबा के रूप में हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू
कब्रिस्तान में शव मिलने की खबर फैलते ही मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांशु शुक्ला ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
परिजनों का आरोप: पति ने दूसरी शादी कर तेजाब से जलाया शव
“मृतका के परिजनों का आरोप है कि नूरीसबा के पति मुजाहिद शेख ने दूसरी शादी कर ली थी, जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों का दावा है कि शव पर कई संदिग्ध निशान हैं और हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव पर तेजाब डाला गया है।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ़ होगी स्थिति: पुलिस
हालांकि, पुलिस ने अभी तक परिजनों द्वारा लगाए गए तेजाब डालने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ऑन-स्पॉट इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। परिजनों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
