डुमरिया की जर्जर सड़कों और पुल-पुलिया निर्माण की मांग, कांग्रेस नेता शिवनाथ मांडी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

डुमरिया की जर्जर सड़कों और पुल-पुलिया निर्माण की मांग, कांग्रेस नेता शिवनाथ मांडी ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

Johar News Times
2 Min Read

गुड़ाबांदा/जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष शिवनाथ मांडी उर्फ बापी ने शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी को मांग पत्र सौंपकर डुमरिया प्रखंड के सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और पीसीसी सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।

ज्ञापन में शेरालडीह मुख्य सड़क से नरसिंगबाहाल होते हुए बारुनिया गांव तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। शिवनाथ मांडी ने बताया कि सड़क निर्माण का टेंडर जारी हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन ठेकेदार द्वारा अब तक काम शुरू नहीं किया गया है। सड़क पर एक से डेढ़ फुट गहरे गड्ढे बन गए हैं और बारिश के दिनों में यह मार्ग नाले में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी होती है।

उन्होंने मामले की जांच कर संबंधित ठेकेदार को तत्काल कार्य शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा कई अन्य विकास योजनाओं को भी स्वीकृति देने का आग्रह किया गया, जिनमें नुनिया गांव से हल्दीबनी स्कूल होते हुए सड़क एवं घाघदा नाला पर बड़ी पुलिया का निर्माण, पितामहली गांव के समीप पहाड़ी नदी पर दो पुलिया, चाईडीया से पचनगोड़ा होते हुए बड़ा असित तक नाली निर्माण, दारासॉडीह-जानेगोड़ा के बीच खोखरो नदी पर पुलिया तथा हड़बेड़ा टोला मारघिडीह और गितिलवाद के बीच खोखरो नदी पर पुल निर्माण शामिल हैं।

कांग्रेस कमेटी ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Share This Article