5 देशों की यात्रा से क्या लेकर लौटे पीएम मोदी: UAE तेल रिजर्व, नीदरलैंड्स से क्रिटिकल मिनरल, यूरोप के साथ बड़े टेक-ट्रेड समझौते

5 देशों की यात्रा से क्या लेकर लौटे पीएम मोदी: UAE तेल रिजर्व, नीदरलैंड्स से क्रिटिकल मिनरल, यूरोप के साथ बड़े टेक-ट्रेड समझौते

Johar News Times
4 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई की सुबह नई दिल्ली से UAE के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद वे नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे होते हुए इटली पहुंचे और 6 दिनों में 5 देशों का दौरा पूरा कर 21 मई की सुबह दिल्ली लौटेंगे। करीब 140 घंटे के इस मैराथन दौरे में भारत के लिए कई अहम डील और समझौते हुए।

UAE: स्ट्रैटजिक ऑयल रिजर्व और निवेश
UAE में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की और 7 MoU साइन हुए। इनमें सबसे अहम स्ट्रैटजिक पेट्रोलियम रिजर्व एग्रीमेंट रहा। इसके तहत ADNOC भारत के स्ट्रैटजिक तेल भंडारों में 3 करोड़ बैरल कच्चा तेल स्टोर करेगी, जिसका पहला अधिकार भारत को होगा और इसका खर्च UAE उठाएगा। भारत के पास कर्नाटक और आंध्रप्रदेश में मौजूदा रिजर्व क्षमता लगभग 4 करोड़ बैरल है, जबकि ओडिशा में नया रिजर्व और कर्नाटक में विस्तार चल रहा है। UAE के फुजैराह में भी तेल स्टोरेज की सुविधा मिलेगी। साथ ही 3 अरब डॉलर निवेश और वडीनार में शिप रिपेयरिंग व ट्रेनिंग सेंटर बनाने पर भी सहमति बनी।

नीदरलैंड्स: चिप टेक और क्रिटिकल मिनरल
नीदरलैंड्स में 17 MoU साइन हुए, जिनमें ASML और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की चिप-मेकिंग साझेदारी प्रमुख रही। यह सहयोग गुजरात के धोलेरा में बन रहे सेमीकंडक्टर प्लांट से जुड़ा है, जिससे भारत की चिप आयात निर्भरता (जो अभी 90% है) कम होगी। इसके अलावा नीदरलैंड्स भारत को लिथियम, कॉपर, कोबाल्ट जैसे क्रिटिकल मिनरल की खोज व प्रोसेसिंग तकनीक में मदद करेगा, जो EV, 5G और डिफेंस सेक्टर में अहम हैं। साथ ही कल्पसार डैम प्रोजेक्ट और एक ऐतिहासिक तांबे की प्लेट भारत को लौटाने पर भी समझौता हुआ।

स्वीडन: AI और EU-भारत ट्रेड डील
स्वीडन में पीएम मोदी को ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार’ से सम्मानित किया गया। यहां भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर प्रगति हुई, जिसमें लगभग 96.6% यूरोपीय और 99.5% भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ घटाने की योजना है। दोनों पक्षों ने अगले 5 वर्षों में व्यापार दोगुना करने पर सहमति जताई।

नॉर्वे: ग्रीन एनर्जी पार्टनरशिप
नॉर्वे के साथ 12 समझौते हुए, जिनमें ग्रीन स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप सबसे अहम रही। नॉर्वे भारत के क्लीन एनर्जी (सौर, पवन, जल, परमाणु) प्रोजेक्ट्स में निवेश करेगा। भारत का 2030 तक 500 GW क्लीन एनर्जी का लक्ष्य है, जबकि नॉर्वे यूरोप का सबसे बड़ा तेल उत्पादक होने के बावजूद ग्रीन एनर्जी एक्सपोर्ट में भी अग्रणी है।

इटली: IMEC और टेक साझेदारी
इटली में पीएम मोदी और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच मुलाकात में IMEC (India-Middle East-Europe Economic Corridor) को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी, जिससे भारत-यूरोप व्यापार में 30–40% तक समय और लागत घट सकती है। इसके अलावा AI, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल टेक्नोलॉजी पर सहयोग बढ़ाने और 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब यूरो से ऊपर ले जाने का लक्ष्य तय किया गया।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article