रांची : झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई को अन-मैप्ड मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यह सूची उन मतदाताओं के लिए जारी की जा रही है, जिनका नाम वर्ष 2003 की पिछली एसआईआर मतदाता सूची से अब तक मैप नहीं हो पाया है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं मिलता है, तो वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्रों पर सूची का समय पर प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए और संबंधित बीएलओ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से रहे।समस्या समाधान के लिए बीएलओ और पर्यवेक्षक भी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिया गया है कि उनके विभाग से जुड़े बीएलओ और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। रांची जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र: तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और मांडर के सभी मतदान केंद्रों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी।
