झारखंड सचिवालय सेवा संवर्ग के कैडर रिव्यू पर अहम बैठक आज, पहली बार दो पदाधिकारी होंगे शामिल

झारखंड सचिवालय सेवा संवर्ग के कैडर रिव्यू पर अहम बैठक आज, पहली बार दो पदाधिकारी होंगे शामिल

Johar News Times
2 Min Read

रांची: झारखंड सचिवालय सेवा संवर्ग के कैडर रिव्यू को लेकर गठित समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को आयोजित की जा रही है। इस बैठक में सचिवालय सेवा से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संरचनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। खास बात यह है कि पहली बार इस बैठक में सचिवालय सेवा के दो पदाधिकारियों को भी शामिल किया जा रहा है, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे समिति के समक्ष रखा जा सके।

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा गठित यह कैडर रिव्यू कमेटी सचिवालय सेवा संवर्ग की वर्तमान संरचना, पदों की आवश्यकता, पदोन्नति व्यवस्था और कार्यकुशलता बढ़ाने से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर रही है। समिति की अध्यक्षता सदस्य राजस्व पर्षद द्वारा की जा रही है, जबकि इसमें कार्मिक, वित्त और राजस्व विभाग के सचिव सदस्य के रूप में शामिल हैं।

- Advertisement -
Ad image

बैठक में सचिवालय सेवा के विभिन्न श्रेणियों के पदों की मौजूदा कार्य संरचना और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पदों के पुनर्गठन पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही विभागों और निदेशालयों की प्रशाखाओं के पुनर्गठन, पदोन्नति के लिए समयसीमा निर्धारित करने तथा प्रशासनिक कार्यदक्षता बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सहित विभिन्न स्तरों पर रिक्त पदों को भरने और पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठ सकता है। इसके अलावा सचिवालय सेवा से प्राप्त सुझावों और अभ्यावेदनों पर भी समिति विस्तार से विचार करेगी।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में सचिवालय सेवा के कर्मचारियों और पदाधिकारियों की लंबे समय से लंबित मांगों, पदानुक्रम में असंतुलन तथा कार्यभार के अनुरूप नए पद सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। समिति को आगामी तीन माह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी है।

Share This Article