Gumla Crime: काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाई गई गुमला की युवती लापता, मां ने कहा— ‘पूछने पर मिल रही है धमकी’, पुलिस से लगाई गुहार

"रोजगार के नाम पर मिला धोखा: 5 साल पहले दिल्ली भेजी गई गुमला की बेटी लापता, बेबस मां की गुहार— 'मेरी बेटी को बचा लो साहब'।"

Johar News Times
3 Min Read

गुमला: झारखंड के आदिवासी बहुल जिलों से मानव तस्करी और रोजगार के नाम पर युवतियों को महानगरों में ले जाकर लापता करने का एक और गंभीर मामला सामने आया है। गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के बलातु पाट हेलता गांव निवासी एक बेबस मां ने घाघरा थाना में गुहार लगाते हुए अपनी बेटी को दिल्ली से सकुशल बरामद करने की मांग की है। पीड़ित मां का आरोप है कि उसकी बेटी को 5 साल पहले बेहतर जिंदगी और काम का झांसा देकर दिल्ली ले जाया गया था, जिसके बाद से अब उसका कोई अता-पता नहीं है।

बेहतर भविष्य की उम्मीद में भेजा था दिल्ली

दिए गए आवेदन के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले घाघरा थाना क्षेत्र के पाकरटोली के रहने वाले जितेंद्र महतो और उसकी पत्नी सीता देवी ने सकलमनी की बेटी को अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। गरीबी और बेटी के बेहतर भविष्य की उम्मीद में मां ने अपनी बेटी को उनके साथ दिल्ली भेज दिया। दिल्ली जाने के बाद शुरुआती दिनों में बेटी से महीने में एक बार फोन पर बात हो जाया करती थी। इस दौरान वह अक्सर रोते हुए घर लौटने की इच्छा भी जताती थी।

फरवरी 2024 से बंद है बातचीत, टूटा संपर्क

पीड़ित महिला ने बताया कि फरवरी 2024 के बाद से उसकी बेटी से बातचीत पूरी तरह बंद हो गई और संपर्क टूट गया। परिवार ने जब भी फोन करने की कोशिश की, संपर्क नहीं हो सका। घबराकर मां कई बार आरोपी जितेंद्र महतो के घर पहुंची ताकि अपनी बेटी के बारे में कुछ पता लगा सके।

पूछने पर बहानेबाजी और जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित मां का गंभीर आरोप है कि जब भी वह आरोपियों से अपनी बेटी का पता पूछती, वे हर बार नया बहाना बना देते थे। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पल्ला झाड़ते हुए कहा, “तुम्हारी बेटी आठ हजार रुपये का मोबाइल लेकर कहीं भाग गई है।” महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने बेटी को वापस लाने का दबाव बनाया, तो उसे डराया-धमकाया गया और साफ कह दिया गया कि उसकी बेटी अब कभी वापस नहीं आएगी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से डरी-सहमी मां ने आखिरकार घाघरा थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले पर घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता का आवेदन मिल चुका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मानव तस्करी और गुमशुदगी समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।

Share This Article