प्रमुख अमिता देवी ने गुणवत्ता जांच की मांग की, घटिया सामग्री इस्तेमाल का आरोप
लातेहार जिले के नवगठित सरयू प्रखंड में गणेशपुर स्थित सरना स्थल पर निर्मित चहारदीवारी को लेकर विवाद गहरा गया है। सोमवार को प्रखंड प्रमुख अमिता देवी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अमिता देवी ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से बनाई गई चहारदीवारी में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिसके कारण दीवार में अभी से दरारें पड़नी शुरू हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरना स्थल आदिवासी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां इस तरह का घटिया निर्माण कार्य करना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। प्रमुख ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान ना तो पाहन के लिए शेड बनाया गया और ना ही चापाकल की व्यवस्था की गई।
अमिता देवी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पूरे निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं उपप्रमुख सुनील उरांव ने भी निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्य शुरू होने से पहले संवेदक को गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने की सलाह दी गई थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करते हुए घटिया तरीके से काम कराया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में बंगला ईंट के साथ निम्न स्तर की छड़, सीमेंट और अन्य सामग्री का उपयोग किया गया है। उपप्रमुख ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई है और प्रशासन से जल्द जांच कराने की मांग की है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com








