उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा स्थित एक अंग्रेजी माध्यम निजी स्कूल में बुधवार देर रात की गई छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त कार्रवाई में स्कूल परिसर से लगभग 1.77 करोड़ रुपये नकद और गर्भनिरोधक पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बीजपुर के भाजपा विधायक सुदीप्त दास अपने क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों का डाटा बैंक तैयार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें इस स्कूल से संबंधित कुछ संदिग्ध जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय बल की टीम ने स्कूल में तलाशी अभियान चलाया, जो तड़के करीब चार बजे तक जारी रहा।
बरामद भारी नकदी को गिनने के लिए नोट गिनने की मशीनें मंगाई गईं। पहले दो मशीनें और बाद में एक अतिरिक्त मशीन मंगाई गई, जिसके बाद सुबह तक गिनती में 1.77 करोड़ रुपये नकद बरामद होने की पुष्टि हुई।
विधायक सुदीप्त दास ने आरोप लगाया कि यह रकम स्कूल की नहीं बल्कि कुछ प्रभावशाली लोगों का काला धन हो सकता है, जिसे जांच से बचाने के लिए यहां छिपाया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि मामले में स्कूल प्रबंधन से जुड़े कुछ राजनीतिक व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल विकासचंद्र पाल ने सफाई देते हुए कहा कि बरामद राशि विद्यार्थियों की फीस और प्रवेश शुल्क की है, जिसे बैंक में जमा किया जाना था। उन्होंने गर्भनिरोधक पैकेट मिलने पर कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है और यह वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जानी चाहिए।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर स्कूल के कैशियर अभिक नाथ और सहायक लेखाकार सायन घोष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
