जिप उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा ने पेश की सामाजिक समरसता की मिसाल, ‘हो समाज’ को सौंपे बर्तन और स्ट्रीट लाइट

जनसेवा की अनूठी मिसाल: जिप उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा ने निजी कोष से पूरी की 'हो समाज' की मांग।

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना को धरातल पर उतारते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा ने एक बार फिर मिसाल पेश की है। परसुडीह स्थित पूर्वी कालीमाटी पंचायत भवन में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने निजी खर्च से सलगाझुड़ी के “हो समाज” के लोगों के बीच आवश्यक बर्तनों और स्ट्रीट लाइट का वितरण किया।

शादी और सामाजिक आयोजनों में बर्तनों से मिलेगी बड़ी राहत

‘हो समाज’ के प्रतिनिधियों ने कुछ दिनों पहले जिला परिषद उपाध्यक्ष से मुलाकात कर यह जानकारी दी थी कि समाज में शादी-ब्याह, श्राद्ध और अन्य सामूहिक सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान बर्तनों की काफी किल्लत होती है। ग्रामीणों की इस व्यावहारिक समस्या को समझते हुए पंकज सिन्हा ने तुरंत पहल की और बड़े आयोजनों में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों का सेट समाज को सौंप दिया, जिससे अब स्थानीय लोगों को ऐसे कार्यक्रमों के लिए बाहर से महंगे बर्तन किराए पर नहीं लेने पड़ेंगे।

स्ट्रीट लाइट से रोशन होंगी सलगाझुड़ी की गलियां

बर्तनों के साथ-साथ ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में अंधेरे की समस्या को दूर करने के लिए स्ट्रीट लाइटें भी प्रदान की गईं। इन लाइट्स के लगने से अब रात के समय सलगाझुड़ी इलाके की गलियां रोशन रहेंगी, जिससे स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को आवागमन में सुरक्षा और सहूलियत मिलेगी।

इस अवसर पर पंकज सिन्हा ने कहा कि समाज के हर वर्ग का विकास और उनकी बुनियादी समस्याओं को दूर करना ही उनकी प्राथमिकता है। सरकारी प्रक्रियाओं के इतर, जहां भी निजी तौर पर तुरंत सहयोग की आवश्यकता होगी, वे हमेशा तत्पर रहेंगे।

इस गरिमामय वितरण समारोह के अवसर पर मुख्य रूप से स्थानीय मुखिया प्रभु राम मुंडा, वार्ड सदस्य आमेंलदा कुजूर, वरिष्ठ समाजसेवी संतोष चौबे, समाज के सचिव बडुंग सोय, बहादुर कलुडिया, सिलाई पूर्ति, सालुका जोकों, जोजर कलुडिया सहित भारी संख्या में हो समाज के गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने जिप उपाध्यक्ष की इस त्वरित पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Share This Article