क्राइम मीटिंग में एसपी अमित रेणु के सख्त तेवर, सारंडा में नक्सलियों और जिले में नशा माफियाओं पर कड़े एक्शन का आदेश

"चाईबासा पुलिस के कड़े तेवर: एसपी अमित रेणु का अल्टीमेटम—सारंडा में नक्सलियों को खदेड़ें और नशा तस्करों को भेजें जेल।"

Johar News Times
3 Min Read

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले की कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और अपराध पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए पुलिस महकमा फुल एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की अध्यक्षता में एसपी कार्यालय सभागार में एक हाई-लेवल क्राइम मीटिंगआयोजित की गई। इस बैठक में एसपी ने दोटूक लहजे में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया।

नशे के अवैध कारोबार पर होगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

बैठक के दौरान एसपी अमित रेणु ने जिले में पैर पसार रहे नशा माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। उन्होंने अफीम, पोस्तो, डोडा और अवैध देसी शराब के सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने का टास्क थानों को सौंपा। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “पश्चिमी सिंहभूम में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में तस्करों के ठिकानों को चिन्हित कर लगातार छापेमारी करें और उन्हें जेल भेजें।”

सारंडा के जंगलों में तेज होगा एंटी-नक्सल ऑपरेशन

नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए एसपी ने एशिया के सबसे घने जंगलों में शुमार सारंडा क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ अभियानों को और अधिक आक्रामक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए:

  • नक्सल प्रभावित सुदूरवर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन की रफ्तार बढ़ाई जाए।
  • ग्रामीण स्तर पर खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए।
  • अभियान के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों के बीच बेहतर और त्वरित समन्वय सुनिश्चित हो।

पेंडिंग मामलों पर भड़के एसपी: वारंटियों को तुरंत दबोचें न्यायालय और विभिन्न थानों में लंबे समय से लंबित (Pending) मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को पुराने मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, तय समय सीमा के भीतर चार्जशीट दाखिल करने और समाज में खुलेआम घूम रहे फरार वारंटियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया।

बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ , अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारियों की मौजूदगी रही। एसपी अमित रेणु ने अंत में सभी अधिकारियों को पूरी ईमानदारी और आपसी तालमेल के साथ काम करने की नसीहत दी, ताकि आम जनता के बीच पुलिस का विश्वास बढ़े और जिले में शांति व अमन-चैन का माहौल कायम रहे।

Share This Article