कुकड़ू में जंगली हाथियों का आतंक जारी, लेटेमदा में उत्तम महतो का घर तोड़ा

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात लेटेमदा रेलवे स्टेशन के समीप गणेश मंदिर के पास एक जंगली हाथी ने ग्रामीण उत्तम महतो के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना 14 मई 2026 की रात करीब 9 बजे की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी अचानक गांव में घुस आया और सीधे उत्तम महतो के मकान पर हमला कर दिया। हाथी ने घर की दीवारें तोड़ दीं और अंदर रखा अनाज तथा घरेलू सामान बर्बाद कर दिया।

परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लोग बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरी रात ग्रामीण जागकर हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते रहे।

ग्रामीणों के मुताबिक, कुकड़ू प्रखंड में पिछले कई दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही हो रही है। हाथियों के डर से लोग रात में खेतों और गांवों में पहरा देने को मजबूर हैं। फसल नुकसान और मकानों को तोड़े जाने की घटनाओं से लोगों में भारी नाराजगी है।

घटना की सूचना चांडिल वन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने और हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए स्थायी निगरानी दल तैनात करने की मांग की है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बुधवार रात कुकड़ू के आदरडीह चौका गांव में भी हाथी ने ग्राम प्रधान गुरुपद गोप के घर को नुकसान पहुंचाया था, जिसमें उनकी पत्नी घायल हो गई थीं। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com

Share This Article