जामताड़ा में बंद स्कूल से चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क, तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

Johar News Times
3 Min Read

जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के दखनीडीह गांव स्थित बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय में छापेमारी कर इस गिरोह का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि दखनीडीह गांव के बंद स्कूल भवन में कुछ लोग साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने पु०नि० सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश मंडल (28 वर्ष), अजय मंडल (28 वर्ष) और हीरालाल मंडल (30 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी नारायणपुर थाना क्षेत्र के मिरगा गांव के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 26/26 दिनांक 14 मई 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों के पास से सिम कार्ड सहित कुल आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर LPG गैस से संबंधित APK फाइल डाउनलोड करने का मैसेज भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उक्त फाइल डाउनलोड करता था, साइबर अपराधी उसके मोबाइल की गोपनीय जानकारी तक पहुंच बना लेते थे। इसके बाद ई-वॉलेट और ऑनलाइन माध्यमों से ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था और लंबे समय से लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

छापेमारी दल में पु०नि० राजेश मंडल, पु०अ०नि० संजय कुमार सिंह, पु०अ०नि० कुन्दन कुमार वर्मा, पु०अ०नि० हीरालाल महतो सहित साइबर अपराध थाना के रिजर्व गार्ड और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहें।
ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल को Like, Follow और Subscribe करें।
साथ ही विजिट करें — joharnewstimes.com

Share This Article