आनंदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान कार्रवाई, गिरोह से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लेवी वसूली की योजना बना रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार युवक किसी आपराधिक गिरोह के लिए काम कर रहे थे और क्षेत्र में ठेकेदारों व कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद आनंदपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में एक युवक के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों का संबंध किस गिरोह से है और इनके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपितों के अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आनंदपुर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लेवी वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को लेकर पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय गिरोहों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और अवैध हथियार रखने तथा लेवी वसूली करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। मंगलवार को पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।
