सरायकेला : जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए देर रात व्यापक जांच अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर खनन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने चौका थाना क्षेत्र स्थित जमशेदपुर-रांची राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-33) पर औचक वाहन जांच अभियान चलाकर लौह अयस्क से लदे दो वाहनों को जब्त किया।
जांच अभियान का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी, खान निरीक्षक समीर ओझा तथा चौका थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से किया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान वाहन संख्या JH05DL1151 और NL01AF5867 में लौह अयस्क लदा हुआ पाया गया, लेकिन चालक वैध परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर चौका थाना में सुरक्षित रखा गया है। मामले में खनन विभाग द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान प्रशासन ने अवैध बालू भंडारण के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने 22,500 घनफीट अवैध बालू भंडारण को चिन्हित कर उसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार अधिकतर अवैध खनिज परिवहन रात के समय होता है, इसलिए देर रात जांच अभियान चलाया जा रहा है।
खनन विभाग ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना तत्काल विभाग अथवा 1077 हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
