रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 अपराधी गिरफ्तार; हथियार और कारतूस बरामद

रामगढ़ में राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 अपराधी गिरफ्तार; हथियार और कारतूस बरामद

Johar News Times
2 Min Read

बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे थे आरोपी, एक किशोर भी निरुद्ध,

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। मामले का खुलासा मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 25 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातु थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना सत्यापित होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर सभी को दबोच लिया।

हथियार, कारतूस और बाइक बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी लोडेड पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, तीन मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे फ्लाईओवर, ओसम डेयरी प्लांट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इन अपराधियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास साव, विशाल कुमार, बिंदु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगंबर प्रजापति उर्फ डेगन और एहतेसाम अंसारी उर्फ दुलर्भ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। खासकर विकास साव और दिगंबर प्रजापति के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 126/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस कार्रवाई में कई थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

Share This Article