धान खरीद में गड़बड़ी के आरोप पर भड़के किसान, प्रखंड कार्यालय के समक्ष किया जोरदार प्रदर्शन

धान खरीद में गड़बड़ी के आरोप पर भड़के किसान, प्रखंड कार्यालय के समक्ष किया जोरदार प्रदर्शन

Johar News Times
3 Min Read

गुड़ाबांदा : बनमाकड़ी लैम्पस में धान खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और जांच रिपोर्ट में पक्षपात के आरोप को लेकर सोमवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में किसानों ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोपित लैम्पस सचिव और कांटा ऑपरेटर को “गलत जांच रिपोर्ट” के आधार पर क्लीन चिट दिए जाने का विरोध किया।

किसानों ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जितेंद्र कुमार भगत पर पक्षपातपूर्ण जांच करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बनमाकड़ी लैम्पस के सचिव जवाहरलाल बारिक, कांटा ऑपरेटर जयंत बारिक तथा उनके परिजनों के नाम पर बनाए गए तीन अलग-अलग आईडी के माध्यम से 374 क्विंटल धान की खरीद दिखाई गई है।

किसानों का आरोप है कि इसके अलावा उनके रिश्तेदारों के नाम पर करीब 2700 क्विंटल धान की खरीद दर्शाकर वास्तविक किसानों को धान बेचने से वंचित कर दिया गया। किसानों ने कहा कि इस वजह से कई जरूरतमंद किसानों को अपनी उपज उचित मूल्य पर बेचने का अवसर नहीं मिल पाया।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले उपायुक्त से की गई थी। इसके बाद जांच की जिम्मेदारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को सौंपी गई थी। किसानों का आरोप है कि जांच अधिकारी ने न तो किसानों और जनप्रतिनिधियों से पूछताछ की और न ही स्थल निरीक्षण किया। बिना निष्पक्ष जांच किए एकतरफा रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई, जिसमें आरोपितों को क्लीन चिट दे दी गई।

किसानों ने जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि रिपोर्ट में आरोपित के पास 41.41 एकड़ कृषि भूमि होने का उल्लेख किया गया है, फिर भी उनके नाम पर पीएच राशन कार्ड जारी होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी आईडी के जरिए हुई धान खरीद की जांच करने तथा संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डांगुर कोड़ाह को सौंपा।

अंचलाधिकारी ने किसानों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रखंड प्रमुख शुभोजीत मुंडा, उप प्रमुख रतन लाल राउत, मुखिया कारिया हेम्ब्रम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।

Share This Article