पूर्वी सिंहभूम पुलिस की विशेष टीम को जुगसलाई फायरिंग मामले में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो और सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई पांडेय मुहल्ला निवासी सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार और टेल्को आदर्शनगर निवासी सागर उपाध्याय के रूप में की गई है।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों अपराधियों ने मनीष सिंह गिरोह का सदस्य होने की बात कबूल की है और यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई गोलीबारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी सन्नी सिंह की निशानदेही पर एक अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
रंगदारी और वर्चस्व के लिए चलाई थी गोली
गौरतलब है कि बीते 15 मई 2026 को जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद बाजार के ‘यूनिक कलेक्शन’ कपड़ा दुकान पर मरून रंग की वैगनआर कार से पांच अपराधी पहुंचे थे। रंगदारी न मिलने और इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने की नीयत से अपराधियों ने दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस सनसनीखेज मामले को लेकर जुगसलाई थाने में कांड संख्या 39/26 दर्ज किया गया था।
इस मामले में पुलिस बेहद मुस्तैदी से काम कर रही है। इससे पहले भी पुलिस कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह अन्य सदस्यों—अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटिक उर्फ अंकित सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
वारदात में इस्तेमाल की गई मरून वैगनआर कार, चार देशी पिस्टल, खोखा और जिंदा कारतूस पहले ही जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे।
