एमएस धोनी ने एक बार फिर अपने अंदाज से फैंस को हैरान कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी धोनी ने चेन्नई स्थित राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के क्षेत्रीय केंद्र के दौरे के दौरान शानदार निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और खेल प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
आईपीएल 2026 में चोट को लेकर चल रही अटकलों के बीच धोनी 17 मई को एनएसजी के रीजनल हब पहुंचे थे। यहां उन्होंने कमांडो के साथ काफी समय बिताया, बातचीत की और उनके साथ भोजन भी किया। इसी दौरान धोनी ने फायरिंग रेंज में अपने निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया।
साधारण पोशाक में पहुंचे 44 वर्षीय धोनी ने पहले पिस्तौल से निशाना साधा और सभी निर्धारित लक्ष्यों को सटीकता के साथ भेद दिया। उनकी एकाग्रता और सटीक निशानेबाजी देखकर वहां मौजूद एनएसजी कमांडो भी प्रभावित नजर आए। इसके बाद उन्होंने मशीनगन पर भी हाथ आजमाया। धोनी ने एनएसजी कमांडो द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली Heckler & Koch MP5 सबमशीन गन से भी फायरिंग की। वीडियो में वह पहले खड़े होकर और फिर बैठकर निशाना लगाते दिखाई दे रहे हैं। उनकी फायरिंग तकनीक और नियंत्रण ने सोशल मीडिया यूजर्स को खासा प्रभावित किया है।
यह दौरा सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के अहम मुकाबले से पहले हुआ। हालांकि आईपीएल 2026 में धोनी अभी तक मैदान पर नजर नहीं आए हैं, लेकिन उनके इस वीडियो ने फैंस के बीच उत्साह जरूर बढ़ा दिया है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
