रांची में आज होने वाले ‘उड़ान यात्री कैफे’ के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजारापु राजधानी रांची पहुंच गए। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौजूद रहे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोनों नेता कार्यक्रम को लेकर चर्चा करते हुए वहां से रवाना हुए।
इस दौरान एक अलग तस्वीर देखने को मिली। राज्य में पेट्रोल की किल्लत के बीच संजय सेठ केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू को लेने स्कूटी से एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री भी स्कूटी पर उनके साथ बैठे नजर आए और दोनों स्कूटी से ही संजय सेठ के आवास के लिए रवाना हुए। इस दौरान संजय सेठ खुद स्कूटी चलाते दिखाई दिए।
‘उड़ान यात्री कैफे’ के उद्घाटन को लेकर एयरपोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। माना जा रहा है कि इस कैफे के शुरू होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर किफायती दरों पर खानपान की सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
