केरल के नए मुख्यमंत्री बने वीडी सतीशन, राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ

केरल के नए मुख्यमंत्री बने वीडी सतीशन, राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ

Johar News Times
2 Min Read

वीडी सतीशन ने सोमवार को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शपथ दिलाई। वीडी सतीशन राज्य में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की नई सरकार का नेतृत्व करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। नई मंत्रिपरिषद में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 11, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के 5 तथा यूडीएफ के अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस कोटे से मंत्रिमंडल में रमेश चेन्निथला, सन्नी जोसेफ, के. मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाथ, टी सिद्दीकी, बिंदु कृष्णा, केए तुलसी, रोजी एम जॉन, एम लिजू और ओजे जनीश को मंत्री बनाया गया है। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग से पीके कुन्हालीकुट्टी, एन शमसुद्दीन, केएम शाजी, पीके बशीर और वीई अब्दुल गफूर ने मंत्री पद की शपथ ली।

इसके अलावा सहयोगी दलों में केरल कांग्रेस (जोसेफ) के मॉन्स जोसेफ, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) के अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी के सीपी जॉन को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। गौरतलब है कि यूडीएफ ने 2026 के केरल विधानसभा चुनाव में 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जिसके बाद वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article