जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर ने प्लेसमेंट सत्र 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष संस्थान के 92 प्रतिशत से अधिक छात्रों को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी मिली है। सबसे अधिक चर्चा कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) विभाग के उस छात्र की हो रही है, जिसे 94.25 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिला है। यह इस वर्ष का सर्वाधिक पैकेज है और पिछले वर्ष के 82 लाख रुपये के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुका है।
संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 699 पंजीकृत छात्रों में से 649 छात्रों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ। इस तरह कुल प्लेसमेंट प्रतिशत 92.68 दर्ज किया गया।
प्लेसमेंट में इस बार भी कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग का दबदबा देखने को मिला। विभाग के 111 छात्रों में से 104 छात्रों को नौकरी मिली। इस शाखा का औसत पैकेज 29.56 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा, जो सभी विभागों में सबसे अधिक है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 66.70 लाख रुपये का उच्चतम पैकेज हासिल किया। इस विभाग का औसत पैकेज 21.50 लाख रुपये रहा।
अगर प्लेसमेंट प्रतिशत की बात करें तो सिविल इंजीनियरिंग विभाग सबसे आगे रहा। यहां 87 में से 84 छात्रों का चयन हुआ और विभाग का प्लेसमेंट प्रतिशत 96.55 दर्ज किया गया। मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में 95.14 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 95.09 प्रतिशत छात्रों को नौकरी मिली। नई और विशेष शाखा इंजीनियरिंग ऑफ कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस विभाग के 26 में से 23 छात्रों का चयन हुआ। विभाग का उच्चतम पैकेज 46 लाख रुपये और औसत पैकेज 15.89 लाख रुपये रहा।

संस्थान का कुल औसत पैकेज 14.23 लाख रुपये प्रतिवर्ष दर्ज किया गया, जिसे छात्रों की उच्च तकनीकी दक्षता और उद्योगों में उनकी बढ़ती मांग का संकेत माना जा रहा है। इस बार प्लेसमेंट प्रक्रिया में देश और दुनिया की कई नामी कंपनियां शामिल हुईं। इनमें माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, अमेजन, एडोबी, ओरेकल, एटलैसियन, गोल्डमैन सैक्स, पेपाल, डेलॉइट, एक्सेंचर, फ्लिपकार्ट, इंटेल, एनवीडिया, क्वालकॉम, टाटा स्टील, एल एंड टी, इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक, मॉर्गन स्टेनली, एचएसबीसी, ईवाई, पीडब्ल्यूसी, केपीएमजी, वेदांता और जेएसडब्ल्यू स्टील जैसी कंपनियां शामिल रहीं।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के प्रमुख प्रो. एसके षाडंगी ने कहा कि इस वर्ष संस्थान का प्लेसमेंट प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकतम पैकेज 94 लाख रुपये से अधिक पहुंचना और 92 प्रतिशत से ज्यादा छात्रों का चयन होना संस्थान के लिए गर्व की बात है।
