धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में शुक्रवार की सुबह गोलीबारी की घटना से जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में दहशत फैल गई। जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में हुई फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब चार बजे हुई जब इलाके में अचानक दो राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी। गोली लगते ही रिक्की सिंह मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि गोली अभी भी उसके सीने में फंसी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक गोली का खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया गया है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह घटना अवैध लोहा कटिंग, क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई या किसी आपसी विवाद से जुड़ी हो सकती है। वहीं घायल की पत्नी चंदा कौर ने कुछ युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से निकले थे, तभी पहले से मौजूद कुछ संदिग्ध युवकों ने उन पर गोली चला दी। उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके साथियों पर हमले का आरोप लगाते हुए इसे पुराने विवाद से जुड़ी रंजिश बताया है।
सूचना मिलने के बाद सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा जांच के बाद जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
