पलामू में सहायक शिक्षक की बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे मिला खून से लथपथ शव

पलामू में सहायक शिक्षक की बेरहमी से हत्या, सड़क किनारे मिला खून से लथपथ शव

Johar News Times
3 Min Read

पलामू : झारखंड के पलामू जिले में एक सहायक शिक्षक की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के पाटन सीमा से सटे नगदारा गांव के पास शिक्षक उदय सिंह (45) का शव सड़क किनारे खून से लथपथ अवस्था में बरामद किया गया। अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मृतक उदय सिंह चिल्हो खुर्द गांव के निवासी थे और स्थानीय स्कूल में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। ग्रामीणों के बीच वे सामाजिक रूप से भी सक्रिय थे और जरूरत पड़ने पर लोगों का प्राथमिक उपचार भी करते थे, जिससे वे क्षेत्र में ‘ग्रामीण चिकित्सक’ के रूप में भी जाने जाते थे।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले उदय सिंह को किसी परिचित व्यक्ति का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति उन्हें नगदारा गांव की ओर लेकर गया, जो घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर है। वहां दोनों के बीच मुलाकात और बैठकर खाने-पीने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया गया। परिजनों के अनुसार, देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान नगदारा-पाटन मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे मिली। कुछ दूरी पर जाकर ग्रामीणों ने उनका शव बरामद किया। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल, आखिरी लोकेशन और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में किसी परिचित व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Share This Article