रांची: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले दो दिनों तक कमजोर रह सकता है, लेकिन इसके बाद इसके दायरे में तेजी से विस्तार होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के कई और हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ेगा। वहीं 16 जून को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवा, वज्रपात और बारिश के आसार हैं।
16 जून को 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। उत्तर-पश्चिमी भाग को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।
धनबाद, बोकारो समेत कई जिलों तक पहुंचा मॉनसून
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार को मॉनसून ने राज्य के कुछ और हिस्सों में दस्तक दी है। मॉनसून अब धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह के कुछ क्षेत्रों तथा पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रांची और रामगढ़ के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बाबू राज पीपी के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
अलनीनो को लेकर बढ़ी चिंता
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में अलनीनो का निर्माण शुरू हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह खेती और मानसूनी बारिश के लिहाज से शुभ संकेत नहीं है। हालांकि इसकी तीव्रता का आकलन होने के बाद ही इसके प्रभाव की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
17 जून को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
17 जून को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़, बोकारो, पश्चिमी सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में वज्रपात, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
सोमवार को राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मेदिनीनगर 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि जमशेदपुर का तापमान 40 डिग्री, बोकारो का 38.5 डिग्री, चाईबासा का 38 डिग्री और रांची का 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रामगढ़ में एक मिमी और कांके में पिछले 24 घंटे के दौरान 86.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
