रामगढ़ : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित चितरपुर बाजार में हुए चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डकैती के बाद लूटे गए जेवरों को जमीन में गाड़कर छुपाया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने डकैत की पत्नी और दामाद को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि कुजू ओपी क्षेत्र के बरकट्ठी गांव निवासी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी नाजमा खातून और उसके दामाद शाहनवाज हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने अपने घर परिसर में गड्ढा खोदकर लूट के जेवर छुपा रखे थे।
पुलिस पूछताछ में खुला राज
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने उस स्थान की जानकारी दी, जहां लूट के जेवर दबाए गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर खुदाई कर भारी मात्रा में सोने के हार, झुमके, चूड़ी, कंगन और अंगूठियां बरामद कीं। बरामद आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
रिश्तेदारों के यहां छुपाया जाता था लूट का सामान
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि डकैती के बाद गिरोह के सदस्य लूट का सामान अपने करीबी रिश्तेदारों के यहां छुपाते थे। कभी जेवर वाहनों में रखे जाते थे तो कभी जमीन में गाड़ दिए जाते थे, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
पुलिस के अनुसार, विभाष पासवान गिरोह के सदस्य लंबे समय से इसी तरीके का इस्तेमाल कर रहे थे। इससे पहले गिरोह सरगना विभाष पासवान की बहन रीना देवी और बहनोई मनीष कुमार का नाम भी इसी तरह के मामलों में सामने आ चुका है।
72 घंटे में सात आरोपी हुए थे गिरफ्तार
गौरतलब है कि 21 अप्रैल को शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों में सुभानी अंसारी उर्फ ललका, मनीष कुमार, रीना देवी, चंद्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरुल्लाह अंसारी उर्फ राजा शामिल थे। अब नाजमा खातून और शाहनवाज हुसैन की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या नौ हो गई है।
गिरोह सरगना अब भी फरार
हालांकि इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना विभाष पासवान अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








