विदेश जाने, पढ़ाई करने या नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक बड़ा झटका है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट बनवाने और उसे रिन्यू कराने की फीस में भारी बढ़ोतरी कर दी है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी पासपोर्ट नियम, 2026 के तहत नई शुल्क दरें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएंगी। इसके बाद पासपोर्ट से जुड़ी लगभग हर सेवा के लिए आपको अपनी जेब पहले से कहीं ज्यादा ढीली करनी होगी।
कैटेगरी के हिसाब से जानिए नई फीस की पूरी लिस्ट:
1. वयस्कों (18 वर्ष या उससे अधिक) के लिए:
- 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट: पहले ₹1,500 था, अब बढ़कर ₹2,500 हो गया है।
- 36 पेज का तत्काल पासपोर्ट: इसके लिए अब ₹5,000 देने होंगे।
- 60 पेज का जंबो पासपोर्ट (सामान्य): पहले ₹2,000 था, अब बढ़कर ₹3,500 हो गया है।
- 60 पेज का जंबो पासपोर्ट (तत्काल): इसके लिए अब ₹6,000 चुकाने होंगे।
2. बच्चों (18 वर्ष से कम) के लिए:
- 36 पेज का सामान्य पासपोर्ट: पहले ₹1,000 था, अब बढ़कर ₹1,750 हो गया है।
- 36 पेज का तत्काल पासपोर्ट: इसके लिए नया शुल्क ₹4,250 तय किया गया है।
नोट: नाबालिगों का पासपोर्ट 5 वर्ष या उनके 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक ही वैध रहेगा।
पासपोर्ट खोने या फटने पर लगेगा ‘भारी जुर्माना’
अगर आपका पासपोर्ट खो जाता है या डैमेज हो जाता है, तो नया रिप्लेसमेंट पासपोर्ट बनवाना बेहद महंगा पड़ेगा:
- 36 पेज (नया): सामान्य सेवा के लिए ₹5,000 और तत्काल के लिए ₹7,500 लगेंगे।
- 60 पेज (नया): सामान्य सेवा के लिए ₹6,000 और तत्काल के लिए ₹8,500 लगेंगे।
- बच्चों का रिप्लेसमेंट: सामान्य सेवा के लिए ₹4,250 और तत्काल के लिए ₹6,750 तय किया गया है।
PCC और अन्य सेवाएं भी हुईं महंगी
सिर्फ पासपोर्ट ही नहीं, बल्कि उससे जुड़े अन्य दस्तावेज भी महंगे कर दिए गए हैं। अब पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट , सरेंडर सर्टिफिकेट और ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम वेरिफिकेशन के लिए ₹750 का शुल्क देना होगा। वहीं ‘सर्टिफिकेट ऑफ आइडेंटिटी’ के लिए नया शुल्क ₹1,000 तय किया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों और छोटे बच्चों को 10% की बड़ी राहत
इस पूरे बढ़े हुए बजट के बीच सरकार ने एक राहत भरी खबर भी दी है। 8 वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली 10% की शुल्क छूट आगे भी जारी रहेगी। नई दरें लागू होने के बाद भी इन दोनों वर्गों को इस रियायत का लाभ मिलता रहेगा।
बदले हुए नियमों के तहत वयस्कों के लिए जारी होने वाले पासपोर्ट की वैधता पहले की तरह 10 वर्ष ही रहेगी, लेकिन अब 1 जुलाई के बाद आवेदन करने वालों को अपने बजट में इस नई बढ़ोतरी को जरूर शामिल करना होगा।
