जमशेदपुर (बिष्टुपुर थाना क्षेत्र): टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में मरीज के परिजनों के साथ सिक्योरिटी गार्ड द्वारा बदसलूकी और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई और मामला बिष्टुपुर थाना तक पहुंच गया।
पीड़ित मोहम्मद असीम ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी मां इसरत और बीमार पिता मोहम्मद सलीम को बैक बोन दर्द के इलाज के लिए TMH लेकर पहुंचे थे। असीम के अनुसार, वह अपने पिता को इमरजेंसी वार्ड के अंदर लेकर गए थे, तभी वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि असीम ने गार्ड से कहा कि वह थोड़ी देर में बाहर चले जाएंगे, लेकिन इसी बात पर गार्ड ने अचानक धक्का दे दिया। इस धक्का-मुक्की में असीम की मां इसरत जमीन पर गिर गईं। गिरने के कारण उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें उठाया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद TMH की सिक्योरिटी एजेंसी से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों सहित मौजूद लोगों से माफी मांगी। साथ ही जानकारी दी गई कि संबंधित सिक्योरिटी गार्ड को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि, परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने बिष्टुपुर थाना में सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर अस्पतालों में सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार और मरीज परिजनों के साथ उनके रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
