राजधानी रायपुर के रजबंधा मैदान स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को लिफ्ट फंसने की घटना से हड़कंप मच गया। लिफ्ट अचानक खराब हो जाने से भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत 7 लोग लगभग 15 मिनट तक अंदर फंसे रहे। बाद में सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी वह बीच रास्ते में अचानक रुक गई। अंदर मौजूद लोगों ने अलार्म और फोन के जरिए मदद की कोशिश की, लेकिन तत्काल तकनीकी सहायता नहीं मिल सकी। कुछ देर बाद कॉम्प्लेक्स के सुरक्षा गार्ड ने दरवाजा खोलकर सभी को बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटना का वीडियो भी सामने आया।
घटना के बाद भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कॉम्प्लेक्स प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस इमारत में पहले भी लिफ्ट खराब होने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे बुजुर्ग और महिलाएं भी प्रभावित हो चुकी हैं। उन्होंने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रायपुर के करेंसी टॉवर में भी लिफ्ट फंसने की घटना हुई थी, जिसमें एसीएस (असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी) ऋचा शर्मा करीब 10 मिनट तक फंसी रही थीं। उस मामले में तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
