रामगढ़ में ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर, 7 ताशा दल के सदस्यों की मौत; एक गंभीर

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास कोयला लदे ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसा रात करीब 11:30 बजे लारी गांव स्थित बुध बाजार के पास होटल सम्राट के समीप हुआ। पिकअप में सवार सभी लोग ताशा दल के सदस्य थे और मुहर्रम के सांस्कृतिक कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।


स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया, पुलिस के अनुसार पिकअप गोला से रामगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी ओर से कोयला लदा एलपी ट्रक आ रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में दो लोग रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव और पांच लोग कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे शुक्रवार सुबह तक यातायात प्रभावित रहा। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया और इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई।

Share This Article