पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ गुरुवार को घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमिताभ भगत ने बड़ी कार्रवाई की। चाकुलिया से जुगीतोपा जाने के दौरान मिस्त्रीपाड़ा में उन्होंने महज पांच मिनट के भीतर दो बालू लदे ट्रैक्टर पकड़े। चालकों से बालू परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद एसडीओ ने अंचल अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश देते हुए दोनों ट्रैक्टर चाकुलिया पुलिस के हवाले करा दिए।
बाजार भ्रमण में ही सामने आई अवैध ढुलाई
कार्रवाई के बाद एसडीओ अमिताभ भगत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि खुलेआम अवैध बालू ढुलाई प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि महज पांच मिनट के बाजार भ्रमण में दो अवैध ट्रैक्टर मिल सकते हैं, तो स्पष्ट है कि पूरे दिन क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन जारी रहता है।
लगातार छापेमारी के निर्देश
एसडीओ ने अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति को क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों जब्त ट्रैक्टर चाकुलिया थाना को सौंप दिए गए। फिलहाल दोनों चालकों को पूछताछ के लिए थाने में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित नहीं था, जिससे मामले को और गंभीर माना जा रहा है।
एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध खनन
गौरतलब है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के निर्देशानुसार हर वर्ष 10 जून से 15 अक्टूबर तक मानसून के दौरान बालू घाटों से खनन और परिवहन पर प्रतिबंध रहता है, ताकि नदियों में मछलियों और अन्य जलीय जीवों के प्रजनन पर असर न पड़े। इसके बावजूद चाकुलिया क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई लगातार जारी है। हाल ही में स्थानीय मीडिया में भी मुख्य सड़कों पर दिनदहाड़े बालू लदे ट्रैक्टरों के संचालन का मामला प्रमुखता से उठाया गया था।
