सिदगोड़ा में करोड़ों की ठगी का आरोप: किरायेदार ने विधवा महिला का घर हड़पने की कोशिश, मां-बेटी को घर में किया कैद

सिदगोड़ा में करोड़ों की ठगी का आरोप: किरायेदार ने विधवा महिला का घर हड़पने की कोशिश, मां-बेटी को घर में किया कैद

Johar News Times
4 Min Read

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव सिंह बागान में एक सनसनीखेज ठगी और कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि किरायेदार प्रमोद कुमार सिंह उर्फ राहुल ने एक विधवा सिख महिला रंजीत कौर को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का प्रयास किया।

पीड़िता रंजीत कौर के अनुसार, आरोपी खुद को “प्रेस से जुड़ा” बताकर विश्वास में लिया, लेकिन शहर के मीडिया से जुड़े लोगों ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। मामला तब तूल पकड़ गया जब महिला पर घर खाली करने का दबाव बनाया जाने लगा।

- Advertisement -
Ad image

घटना की सूचना मिलने पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी (सीजीपीसी) भी पीड़िता के समर्थन में सामने आई। गुरुवार रात से शुक्रवार तक चले घटनाक्रम के बाद मामला एसडीएम कोर्ट पहुंचा, जहां फिलहाल यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद ने बताया कि यदि एसडीएम स्तर पर समाधान नहीं हुआ तो मामला सिविल कोर्ट जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों को यथास्थिति में रहने को कहा गया है।

कैसे हुआ कथित फर्जीवाड़ा
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने लोन दिलाने के नाम पर उससे कई बैंक चेक और सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। उसने पंजाब नैशनल बैंक, साकची ब्रांच, केनरा बैंक टेल्को ब्रांच और अन्य खातों के चेक लिए। आरोप है कि कागजात पढ़ने भी नहीं दिए गए और बाद में उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर संपत्ति पर दावा किया गया।

महिला ने बताया कि नवंबर 2025 में करीब 29.29 लाख रुपये खाते में डाले गए, लेकिन 50 लाख के लोन का वादा पूरा नहीं किया गया। कुछ महीनों में ही कथित तौर पर ब्याज बढ़ाकर एक करोड़ से अधिक दिखाया गया और घर खाली करने का दबाव बनाया गया।

घर में बंद कर छोड़ने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाल ही में जब वह अपनी बेटी के साथ बाहर से लौटी तो घर में ताला लगा मिला। रिश्तेदारों ने ताला तोड़कर अंदर कराया, लेकिन बाद में आरोपी ने फिर बाहर से ताला लगाकर मां-बेटी को घर में ही कैद कर दिया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें भूखे-प्यासे छोड़ दिया गया।

- Advertisement -
Ad image

सीजीपीसी ने की कार्रवाई की मांग
सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह ने कहा कि रंजीत कौर के साथ गंभीर अन्याय हुआ है और यह स्पष्ट रूप से आपराधिक मामला है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

जांच में खुल सकते हैं बड़े खुलासे
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी खुद को संपन्न बताता था और अन्य जगहों पर संपत्ति होने का दावा करता था। ऐसे में उसके द्वारा तैयार किए गए दस्तावेज और लेनदेन की जांच होने पर और भी मामलों का खुलासा हो सकता है।

पीड़िता ने एसएसपी और डीएसपी को भी शिकायत दी है। अब पूरे मामले की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

- Advertisement -
Ad image
Share This Article