गढ़वा में खुले में मुर्गा काटने वालों पर प्रशासन सख्त, 5 दुकानदारों को नोटिस

गढ़वा में खुले में मुर्गा काटने वालों पर प्रशासन सख्त, 5 दुकानदारों को नोटिस

Johar News Times
3 Min Read

मझिआंव मोड़ क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैलाने पर कार्रवाई, नगर परिषद से भी मांगा जवाब

झारखंड के गढ़वा शहर के व्यस्त मझिआंव मोड़ क्षेत्र में सड़क किनारे खुले में मुर्गा काटने और गंदगी फैलाने वाले कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सार्वजनिक स्थलों पर मांस, खून, हड्डी और पंख बिखेरकर स्वच्छता प्रभावित करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है।

अवैध मांस दुकानों पर प्रशासन का एक्शन

एसडीएम संजय कुमार ने मझिआंव मोड़ पर अवैध रूप से दुकान चलाने वाले पांच दुकानदारों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 152 के तहत ‘पब्लिक न्यूसेंस’ यानी जनता को परेशानी पहुंचाने का मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने को लेकर गढ़वा नगर परिषद को भी शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि नगर परिषद को पहले भी लिखित रूप से निर्देश दिया गया था कि सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी की जाए और स्वच्छता सुनिश्चित कराई जाए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

पहले भी दी गई थी चेतावनी

एसडीएम ने बताया कि अवैध मांस कारोबारियों को पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके खुले में मुर्गा काटने, अपशिष्ट फेंकने और गंदगी फैलाने का सिलसिला जारी रहा। लगातार बढ़ती जनशिकायतों के बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।

पांच दुकानदारों को जारी हुआ नोटिस

पहले चरण में जिन पांच दुकानदारों को नोटिस जारी कर पक्षकार बनाया गया है, उनमें अजय सिंह, अनुरुल हक, फैजान खान, इब्राहिम खान और कमलेश अग्रवाल शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर पशु-पक्षियों का वध करना और उनके अपशिष्ट खुले में फेंकना आम लोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए गंभीर खतरा है। वहां से गुजरने वाले लोगों को तेज बदबू और असुविधा का सामना करना पड़ता है।

अन्य इलाकों में भी चलेगा अभियान

एसडीएम संजय कुमार ने साफ कहा कि शहर में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अब मुर्गा, मछली और मांस व्यवसायियों को निर्धारित स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि अनुमंडल के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर निकायों को भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने की चेतावनी दी गई है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article