भीषण गर्मी में बड़ा फैसला! स्कूलों में लागू हुआ ‘वॉटर बेल सिस्टम’, हर घंटे बजेगी पानी पीने की घंटी

भीषण गर्मी में बड़ा फैसला! स्कूलों में लागू हुआ ‘वॉटर बेल सिस्टम’, हर घंटे बजेगी पानी पीने की घंटी

Johar News Times
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूली बच्चों की सेहत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अहम निर्णय लिया है। अब जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में ‘वॉटर बेल सिस्टम’ लागू किया जाएगा, जिससे बच्चों को समय-समय पर पानी पीने की याद दिलाई जा सके।

इस नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में तय अंतराल पर कम से कम तीन बार घंटी बजाई जाएगी, ताकि बच्चे नियमित रूप से पानी पी सकें और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचें। अधिकारियों का मानना है कि तेज गर्मी में बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है।

- Advertisement -
Ad image

जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि विद्यालयों में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए वाटर कूलर के साथ-साथ पारंपरिक घड़े के उपयोग पर भी जोर दिया गया है, ताकि बच्चों को हर समय ठंडा पानी उपलब्ध हो सके।

इसके अलावा, स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को लू से बचाव और शरीर में पानी की कमी से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, विद्यालयों में ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) उपलब्ध रखने और लंच ब्रेक के दौरान छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इन निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक बनाए रखना है।

Share This Article