धनबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: दंपती की मौत, बच्चा गंभीर रूप से घायल

धनबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: दंपती की मौत, बच्चा गंभीर रूप से घायल

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना जीटी रोड पर काशीटांड़ के पास हुई, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, बाइक (जेएच 10 सीआर 3134) पर सवार दंपती अपने बच्चे के साथ गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काशीटांड़ के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

- Advertisement -
Ad image

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बरवाअड्डा पुलिस स्टेशन की टीम ने घायलों को एसएनएमएमसीएच, धनबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दंपती को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान राजगंज थाना क्षेत्र के बगदाहा निवासी राजकुमार महतो और उनकी पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार महतो पेशे से राजमिस्त्री थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article