प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को NEET-UG री-एग्जाम में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश की। पीएम मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 45 मिनट तक इंतजार किया और परीक्षा शुरू होने से पहले अपने आवास के लिए रवाना नहीं होने का फैसला किया, ताकि उनके काफिले की वजह से छात्रों को ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े।
दोपहर 1:15 बजे पहुंचे थे एयरपोर्ट, खुद रुकवाया काफिला
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी रविवार को दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। सामान्य प्रोटोकॉल के तहत जब भी प्रधानमंत्री का काफिला गुजरता है, तो सुरक्षा कारणों से कुछ प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू किया जाता है और गाड़ियों को रोका जाता है। चूंकि ठीक उसी समय बड़ी संख्या में NEET अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे थे, पीएम मोदी ने छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता दी।
परीक्षा शुरू होने के बाद ही आवास के लिए हुए रवाना
प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनके काफिले की वजह से राजधानी में कहीं भी यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। वह खुद 45 मिनट तक एयरपोर्ट पर ही रुके रहे। दोपहर 2:00 बजे जब NEET-UG की दोबारा परीक्षा शुरू हो गई और छात्र सुरक्षित अपने केंद्रों के भीतर चले गए, उसके बाद ही प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट से अपने आवास के लिए रवाना हुए। उनके इस फैसले से दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता रहा।
कड़ी सुरक्षा के बीच देश-विदेश में आयोजित हुई परीक्षा
गौरतलब है कि पूर्व में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद विवादों में रही NEET-UG की परीक्षा आज दोबारा आयोजित की गई। इस री-एग्जाम को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे।
- देशभर के 5,440 परीक्षा केंद्र और विदेशों के 14 केंद्र।
- 22 लाख से अधिक छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए
