23 April 2026 | News Bulletin | Johar News Times

Johar News Times
11 Min Read

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में गुरुवार को पहले चरण का मतदान जारी है। बंगाल की 152 सीटों और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक बंगाल में 62.18% और तमिलनाडु में 56.81% मतदान दर्ज किया गया, जो उत्साहजनक भागीदारी को दर्शाता है। मतदान से पहले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के नौदा इलाके में देर रात देसी बम से हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे, जहां उनका विरोध हुआ और TMC कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो गई। इसके बाद उन्होंने धरना शुरू कर दिया। इधर मालदा के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने से लोगों में आक्रोश फैल गया और चुनाव अधिकारियों का घेराव किया गया। वहीं चेन्नई में अभिनेता अजित कुमार और टीवीके प्रमुख विजय के मतदान केंद्र पहुंचने पर भारी भीड़ जुटी, जिससे कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।


झारखंड में ट्रेजरी से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और इसमें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एंट्री लगभग तय मानी जा रही है। धन शोधन के एंगल से जांच के लिए एजेंसी जल्द ही ईसीआईआर दर्ज कर सकती है। बोकारो, हजारीबाग और रांची समेत कई जिलों में सरकारी खातों से फर्जी निकासी के गंभीर मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, बोकारो में पुलिस विभाग के खाते से करीब 9 करोड़, हजारीबाग में लगभग 30 करोड़ और रांची में पशुपालन विभाग के वेतन मद से 2.94 करोड़ रुपये की अवैध निकासी हुई है। वहीं रामगढ़ में भी 34.25 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई है। सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी इन मामलों को जोड़कर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

- Advertisement -
Ad image

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह कदाचार मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने सख्त तैयारी शुरू कर दी है। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक कर सभी जिलों के एसएसपी-एसपी, रेंज डीआईजी और जोनल आईजी को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार किसी भी कीमत पर पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। आगामी NEET (UG) 2026, जेईई, सीयूईटी और Jharkhand Staff Selection Commission की परीक्षाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। पिछले वर्षों में सामने आए पेपर लीक मामलों से सबक लेते हुए निगरानी, खुफिया तंत्र और तकनीकी जांच को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और अभ्यर्थियों के लिए सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का यह ‘फुलप्रूफ’ प्लान निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।


झारखंड में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर सरकार और राजभवन के बीच टकराव तेज हो गया है। गवर्नर संतोष कुमार गंगवार ने दूसरी बार नियुक्ति से जुड़ी फाइल राज्य सरकार को लौटा दी है। इस बार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों के पालन पर जोर दिया गया है। राजभवन ने खासतौर पर उन नामों पर आपत्ति जताई है, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हैं और मामले अदालत में लंबित हैं। सरकार द्वारा भेजे गए पैनल में अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक के नाम शामिल थे। इनमें से कुछ नामों पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इसके अलावा मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए कोई नाम प्रस्तावित नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई है। अब सरकार नए नाम भेजेगी या पुराने पैनल पर अड़ी रहेगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


झारखंड के देवघर में एनआईए और एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों से नगर थाना में गहन पूछताछ जारी है, हालांकि अधिकारी फिलहाल मामले पर खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, हथियार तस्करी की सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से नंदन पहाड़ के पास नंदी नगर मोहल्ले में कार्रवाई कर एक युवक को उसके मामाघर से पकड़ा। वहीं भुरभुरा मोड़ के पास से एक अन्य संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया। दोनों को फिलहाल देवघर नगर थाना में रखा गया है, जहां संयुक्त टीम उनसे पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, एक संदिग्ध आरा का रहने वाला है, जबकि उसके पिता देवघर में वाहन चालक हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है।


झारखंड के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उग्रवादियों की साजिश को नाकाम कर दिया। जिला पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मौके से 64 बंडल कोडेक्स वायर मिले, जिनका इस्तेमाल IED जैसे घातक हमलों में किया जाता है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर कानीडीह, चतरो और काई नाला क्षेत्र में की गई। जानकारी के अनुसार, हाल ही में हजारीबाग में हुई मुठभेड़ के बाद इनपुट मिला था कि उग्रवादियों ने यहां विस्फोटक छिपा रखे हैं। इसके बाद विशेष टीम गठित कर ऑपरेशन चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और CRPF अधिकारियों ने किया। समय रहते विस्फोटक बरामद होने से बड़ी घटना टल गई है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

- Advertisement -
Ad image

गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र के खेरीडीह गांव में पत्थर खदान को लेकर चला विवाद खूनी रूप ले बैठा। बुधवार देर रात हुए इस झगड़े में 55 वर्षीय रफीक अंसारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, रफीक अंसारी का अपने भतीजे जियाउल अंसारी और अन्य लोगों के साथ खदान संचालन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाली रात गांव के एक व्यक्ति के बुलावे पर रफीक वहां पहुंचे, जहां कहासुनी अचानक हिंसक हो गई। आरोप है कि जियाउल अंसारी, अयूब अंसारी और उसके बेटे ने मिलकर रफीक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


झारखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन की अधिकृत पार्किंग में देर रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। यह घटना रात करीब 2:30 बजे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर हुई। उस समय पार्किंग में लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे जनहानि टल गई, लेकिन आग फैलती तो रेलवे के केबल, बसों और कारों को भारी नुकसान हो सकता था। सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद मनीष चौधरी ने तुरंत फायर ब्रिगेड और स्टेशन प्रबंधन को अलर्ट किया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को काबू में करने की कोशिश की गई, जिससे स्थिति बिगड़ने से बच गई। बाद में दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

- Advertisement -
Ad image

हजारीबाग में दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज शिक्षकों ने गुरुवार को स्कूल पहुंचकर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। विभिन्न शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर समय पर वेतन भुगतान की मांग उठाई। शिक्षकों का कहना है कि ट्रेजरी घोटाले के बाद मार्च और अप्रैल से उनका वेतन रोक दिया गया है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मोह. जहांगीर अंसारी ने कहा कि घोटाले से शिक्षकों का कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। वहीं, सहायक आचार्यों का वेतन नियुक्ति के नौ महीने बाद भी शुरू नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने शिक्षा विभाग पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई के बजाय निर्दोष शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है।


झारखंड के गढ़वा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जिले की पहली विशेष ‘महिला ओपीडी’ शुरू की जा रही है, जिससे महिलाओं को अब इलाज के लिए झिझक का सामना नहीं करना पड़ेगा। सीएचसी प्रभारी डॉ. असजद अंसारी के अनुसार, यह ओपीडी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगी। इसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ महिला चिकित्सक और महिला स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगी, ताकि महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर महिलाएं पुरुष डॉक्टरों के सामने अपनी स्वास्थ्य समस्याएं खुलकर नहीं बता पाती हैं, जिससे उपचार में देरी होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है। रंका सीएचसी अब जिले का पहला ऐसा केंद्र बनेगा, जहां महिलाओं के लिए अलग और समर्पित ओपीडी सुविधा उपलब्ध होगी।


जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com

Share This Article