पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसुरा गांव के सुरजाबासा टोला से एक बेहद दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ गुरुवार की शाम एक तालाब में डूबने से एलकेजी के पांच वर्षीय छात्र आनंद बिरुली की असमय मौत हो गई। एक पल की चूक ने हंसते-खेलते मासूम की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मां के साथ गया था नहाने, खेलते-खेलते गहरे पानी में समाया मासूम
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पांच वर्षीय आनंद अपनी मां अंकिता बिरुली के साथ गांव के ही सरकारी तालाब में नहाने के लिए गया था। तालाब के किनारे स्नान करने के दौरान बच्चा खेलते-खेलते कब गहरे पानी की ओर चला गया, इसका अंदाजा किसी को नहीं लगा। कुछ देर बाद जब मां की नजर अपने जिगर के टुकड़े पर नहीं पड़ी, तो उसने चीख-पुकार मचानी शुरू की।
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल पहुँचने से पहले थमी सांसें
मां के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुटे और तुरंत पानी में बच्चे की खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आनंद को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुका था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। परिजन उसे तुरंत एक छोटे मालवाहक वाहन से लेकर चाईबासा सदर अस्पताल भागे।
डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम, मृत घोषित
सदर अस्पताल, चाईबासा में डॉक्टरों की टीम ने बच्चे को बचाने का काफी प्रयास किया और आपातकालीन चिकित्सा सहायता दी, लेकिन विधाता को कुछ और ही मंजूर था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की घोषणा सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीखें गूंज उठीं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला गहरे पानी में डूबने से हुई एक दुखद दुर्घटना का लग रहा है। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
