Jamshedpur Road Accident: एक ही हादसे में दो होमगार्ड जवान दोस्तों की मौत, गांव में मातम

Jamshedpur Road Accident: एक ही हादसे में दो होमगार्ड जवान दोस्तों की मौत, गांव में मातम

Johar News Times
2 Min Read

फूफा के अंतिम संस्कार से लौटते समय बिजली के खंभे से टकराई बाइक, दोनों ने तोड़ा दम,

पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में दो होमगार्ड जवानों और करीबी दोस्तों की मौत हो गई। पारुलिया गांव के लोचनडीह टोला निवासी बलराम माहली (35) और सुरजीत हांसदा (36) एक ही बाइक पर सवार थे, जब उनकी तेज रफ्तार अपाची बाइक पारुलिया शिव मंदिर के पास सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई।

दोनों की दोस्ती वर्षों पुरानी थी। दोनों एक ही टोला के रहने वाले थे, साथ ही होमगार्ड में बहाल हुए थे और हमेशा साथ रहते थे। हादसे वाले दिन घाटशिला उपकारा में तैनात बलराम माहली अपने फूफा के निधन पर डुमरिया के माहलीसाई गांव गए थे। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वह सुरजीत के साथ मुसाबनी की ओर निकले थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बलराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुरजीत को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों जवानों के दो-दो छोटे बच्चे हैं, जो पारुलिया स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में पढ़ते हैं। पिता के निधन से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पारुलिया गांव समेत पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Share This Article