जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत कूदादा ग्राम निवासी स्व. दशरथ बेसरा की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए और स्व. दशरथ बेसरा की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने भी भाग लिया और दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि स्व. दशरथ बेसरा का जीवन समाज सेवा, संघर्ष और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज, क्षेत्र और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
विधायक ने यह भी कहा कि समाज ऐसे ही व्यक्तित्वों के संघर्ष और समर्पण से आगे बढ़ता है। स्व. दशरथ बेसरा द्वारा किए गए कार्य समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी स्मृतियां सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित झामुमो नेताओं और ग्रामीणों ने उनके व्यक्तित्व और योगदान को याद करते हुए उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरा माहौल श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक स्मृतियों से भर गया।
इस अवसर पर सुदर्शन सरदार, हम्बीर मार्डी, सुधीर बेसरा, सुधीर सोरेन, भगत बास्के, मिर्जा सोरेन सहित कई झामुमो नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
