चक्रधरपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 लागू करने की तैयारी तेज: अब 4 अलग-अलग रंगों के डस्टबिन में डालना होगा कचरा

"चक्रधरपुर नगर परिषद का बड़ा फैसला: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत शहर में बंटेंगे 4 रंगों के डस्टबिन।"

Johar News Times
3 Min Read

चक्रधरपुर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त शहर बनाने की दिशा में नगर परिषद ने कमर कस ली है। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने की। बैठक में बढ़ती आबादी और तेजी से होते शहरीकरण के बीच वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।

सोर्स सेग्रिगेशन पर रहेगा पूरा फोकस

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा ने बताया कि नए नियमों के तहत अब ‘सोर्स सेग्रिगेशन’ को अनिवार्य और प्राथमिक बनाया जाएगा। इसका मतलब है कि नागरिकों को अपने घरों और दुकानों से ही कचरे को अलग-अलग करके सफाईकर्मियों को देना होगा।

चार रंगों के डस्टबिन से बदलेगी शहर की सूरत

कचरे के वैज्ञानिक निपटान और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए नगर परिषद क्षेत्र में चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन का इस्तेमाल और वितरण किया जाएगा:

  • हरा डस्टबिन: रसोई का गीला एवं जैविक कचरा।
  • नीला डस्टबिन: सूखा कचरा।
  • पीला डस्टबिन: पुनर्चक्रण योग्य सामग्री जैसे प्लास्टिक, बोतलें आदि।
  • लाल डस्टबिन: विशेष एवं खतरनाक कचरा (बैटरी, सैनिटरी वेस्ट, केमिकल आदि)।

वार्ड पार्षद संभालेंगे जागरूकता अभियान का मोर्चा

माननीय उच्च न्यायालय और राज्य सरकार के सख्त निर्देशों के अनुरूप, चक्रधरपुर के सभी वार्ड पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में सोर्स सेग्रिगेशन जागरूकता अभियान का मुख्य कमान सौंपा गया है। पार्षद अब अपनी देखरेख में घर-घर जाकर लोगों को कचरा अलग करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए पूरे शहर में रैलियां, नुक्कड़ नाटक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

“जनभागीदारी के बिना लक्ष्य हासिल करना मुमकिन नहीं” — सन्नी उरांव

नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने संयुक्त रूप से कहा कि कोई भी शहर तब तक साफ नहीं हो सकता, जब तक उसमें आम जनता का सहयोग न मिले। उन्होंने चक्रधरपुर के तमाम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपने घरों से ही कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखना शुरू करें। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर सभी वार्डों में इस अभियान को युद्ध स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया।

इस बैठक में नगर परिषद के वार्ड पार्षद, मुख्य सफाई निरीक्षक और भारी संख्या में नगर परिषद के कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article