गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस, मौके से खेल में इस्तेमाल होने वाला सामान और गोटियां जब्त,
चाईबासा: झारखंड में प्रतिबंधित हब्बा-डब्बा खेल का संचालन बंदगांव के साप्ताहिक हाट में चोरी-छिपे किया जा रहा था। बुधवार को गुप्त सूचना मिलने पर बंदगांव पुलिस ने छापेमारी की, जिसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई और खेल संचालक समेत खिलाड़ी फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, साप्ताहिक हाट में ग्रामीण बड़ी संख्या में खरीदारी और बिक्री के लिए पहुंचते हैं। इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोग हब्बा-डब्बा का अवैध खेल चला रहे थे, जिसमें पैसे दोगुने होने के लालच में कई ग्रामीण अपनी मेहनत की कमाई गंवा देते हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ हाट पहुंचे। पुलिस वाहन देखते ही खेल में शामिल लोग सामान छोड़कर भाग निकले। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
पुलिस ने मौके से हब्बा-डब्बा की गोटियां और खेल में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान जब्त कर थाना ले गई है। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि हब्बा-डब्बा पूरी तरह प्रतिबंधित है और यह ग्रामीणों को ठगने का माध्यम बन चुका है। दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से ऐसे अवैध खेलों से दूर रहने और इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
