धनबाद: जिला कांग्रेस में चल रहा आंतरिक विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। बुधवार को धनबाद कांग्रेस बचाओ समिति के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने गांधी सेवा सदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मौन सत्याग्रह कर जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह को हटाने की मांग उठाई।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश्वर सिंह यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान नेतृत्व के कारण संगठन कमजोर हुआ है और समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। विरोधी गुट ने संगठन में परिवारवाद और पक्षपात को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर नए लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई। सत्याग्रह से पहले गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और रघुपति राघव राजा राम का गायन किया गया।
कार्यक्रम में श्रीराम चौरसिया, हुमायूं रजा, अशोक प्रकाश लाल, अनिल साव, मोइन अंसारी, मनोज सिंह, डी.एन. यादव, राजीव रंजन चौबे, माला झा, बब्लू दास और कामता पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। वहीं जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है और कुछ लोग केवल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए इस तरह की गतिविधियां कर रहे हैं।
