‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार संग’ अभियान में राहगीरों और श्रमिकों के बीच बांटी गई राहत सामग्री, कूलिंग जोन की पहल की सराहना,
जमशेदपुर/नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच दिल्ली सरकार, जिला प्रशासन और राजस्व विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता एवं राहत अभियान के तहत राष्ट्रपति सम्मानित रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दिल्ली सिविल डिफेंस संगठन के ‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार संग’ कार्यक्रम में उनका टोपी और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
अवकाश पर दिल्ली पहुंचे संतोष कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए राहगीरों, ऑटो चालकों और श्रमिकों के बीच टोपी, गमछा, ग्लूकोज, इलेक्ट्रोल, ओआरएस घोल और ठंडा पानी वितरित किया। उन्होंने लोगों को लू और हीट स्ट्रोक से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। दिल्ली सरकार और सिविल डिफेंस की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर ‘कूलिंग जोन’ और ‘मोबाइल कूलिंग शेड’ स्थापित किए गए हैं, जहां जरूरतमंदों के लिए छाया, पंखे, ठंडा पानी और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
संतोष कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान लोगों को तत्काल राहत देने के साथ मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं। कार्यक्रम में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर कमल शर्मा, मनोज कुमार, अनिल शर्मा, सुल्तान खान सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे। समापन पर कमल शर्मा ने संतोष कुमार का आभार व्यक्त किया।
